कवयित्री सीमा पुरबा 'सिम्मी' को लखनऊ में मिला 'महादेवी वर्मा विश्व भूषण सम्मान 2026
कवयित्री सीमा पुरबा 'सिम्मी' को लखनऊ में मिला 'महादेवी वर्मा विश्व भूषण सम्मान 2026
लखनऊ / ग़ाज़ियाबाद: ग़ाज़ियाबाद की जानी-मानी कवयित्री, समाजसेविका, कुशल मंच संचालक, शिक्षिका और मोटिवेशनल स्पीकर सीमा पुरबा "सिम्मी" को लखनऊ स्थित हिंदी संस्थान में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान प्रतिष्ठित "महादेवी वर्मा विश्व भूषण सम्मान 2026" से नवाज़ा गया।
यह सम्मान उन्हें 'निहारिका साहित्य मंच: कंट्री ऑफ़ इंडिया फाउंडेशन ट्रस्ट' के चतुर्थ वार्षिकोत्सव के उपलक्ष्य में, साहित्य, समाज सेवा और अन्य क्षेत्रों में उनके विशिष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया। मंच की संस्थापिका रीमा सिन्हा और अध्यक्ष अज़ीज़ सिद्दीकी के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस समारोह में देश-विदेश से कई नामचीन हस्तियाँ उपस्थित रहीं।
नेपाल सीमा के समीप स्थित फारबिसगंज की मूल निवासी सीमा पुरबा का जीवन अत्यंत संघर्षपूर्ण और प्रेरणादायी रहा है। कम उम्र में ग़ाज़ियाबाद निवासी जगदीश पुरबा के साथ विवाह होने के बावजूद उन्होंने अपनी शिक्षा जारी रखी। पारिवारिक ज़िम्मेदारियों के साथ उन्होंने एनटीटी, बी.एड. और सीटीईटी जैसी योग्यताएँ हासिल कीं और दिल्ली के एक स्कूल में 15 वर्षों तक अध्यापिका के रूप में सेवा दी।
एक गंभीर बीमारी के कारण अध्यापन कार्य छूटने के बाद उन्होंने साहित्य को अपनी अभिव्यक्ति का माध्यम बनाया। अपनी भावनाओं को शब्दों में पिरोते हुए उन्होंने कई साझा काव्य संग्रहों, प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं और समाचार पत्रों में पहचान बनाई। उनकी सशक्त मंच संचालन शैली, प्रभावी कविता पाठ और आत्मविश्वास उन्हें हर मंच पर विशेष पहचान दिलाता है।
सम्मान ग्रहण करते हुए भावुक स्वर में सीमा पुरबा ने कहा कि यह गौरव उन्हें माँ भगवती की असीम अनुकंपा और बड़ों के आशीर्वाद से प्राप्त हुआ है। आज जीवन का हर संघर्ष इस सम्मान के आगे बौना लग रहा है। यह उनके लिए मंजिल नहीं, बल्कि साहित्यिक साधना का एक नया आरंभ है, जो उन्हें निरंतर उत्कृष्ट कार्य करने की ऊर्जा देता रहेगा।
साहित्यिक जगत और समाज के प्रबुद्धजनों ने सीमा पुरबा 'सिम्मी' को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और अनवरत साहित्य सेवा की शुभकामनाएँ व्यक्त की हैं।
