लेखक गाँव अंतरराष्ट्रीय साहित्य महोत्सव 2026: थानो में गूँजी काव्य की युग चेतना, शिखा खुराना ‘कुमुदिनी’ हुईं सम्मानित
लेखक गाँव अंतरराष्ट्रीय साहित्य महोत्सव 2026: थानो में गूँजी काव्य की युग चेतना, शिखा खुराना ‘कुमुदिनी’ हुईं सम्मानित
थानो (देहरादून)। भारत के प्रथम लेखक गाँव, थानो में पंचदिवसीय 'लेखक गाँव अंतरराष्ट्रीय साहित्य, संस्कृति एवं कला महोत्सव 2026' का भव्य शुभारंभ हुआ। देश-विदेश से जुटे प्रख्यात साहित्यकारों, विचारकों और विद्वानों की उपस्थिति में यह आयोजन साहित्य, संस्कृति और कला के वैश्विक संगम के रूप में सामने आया।
गणमान्य विभूतियों की गरिमामयी उपस्थिति
समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि माननीय श्री धाल सिंह जी की उपस्थिति तथा परम पूज्य स्वामी चिदानंद सरस्वती जी महाराज के पावन सानिध्य में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर लेखक गाँव के संरक्षक एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री श्री सतपाल महाराज, मॉरीशस के पूर्व राष्ट्रपति महामहिम श्री पृथ्वीराजसिंह रूपुन, रवीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति व साहित्यकार श्री संतोष चौबे तथा लंदन से पधारे वरिष्ठ साहित्यकार श्री तेजेंद्र शर्मा (MBE) सहित कई राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय हस्तियाँ मंच पर उपस्थित रहीं।
कॉफ़ी टेबल बुक का विमोचन और 'सृजन यात्रा'
उद्घाटन सत्र के दौरान लेखक गाँव की परिकल्पना, स्थापना और विकास यात्रा पर केंद्रित एक विशेष 'कॉफ़ी टेबल बुक' का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही इस वर्ष की ‘सृजन यात्रा’ का भी विधिवत शुभारंभ हुआ। प्रथम दिवस पर आयोजित साहित्यिक संवादों, गंभीर वैचारिक विमर्शों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया।
शिखा खुराना ‘कुमुदिनी’ का प्रभावशाली काव्यपाठ
महोत्सव के काव्य सत्र में कवयित्री शिखा खुराना ‘कुमुदिनी’ की सहभागिता विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। उन्होंने ‘युग चेतना के स्वर’ विषय पर अपनी ओजस्वी व संवेदनशील रचना का पाठ किया। समकालीन जीवन की विसंगतियों, मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक बदलाव की आकांक्षा को स्वर देती उनकी कविता ने श्रोताओं को गहराई से प्रभावित किया। उत्कृष्ट काव्य प्रस्तुति के लिए उन्हें मंच पर सम्मानित भी किया गया।
शिखा खुराना ‘कुमुदिनी’ ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच रचनाकारों को सशक्त अभिव्यक्ति देने के साथ-साथ वैश्विक स्तर पर वैचारिक आदान-प्रदान का मार्ग प्रशस्त करते हैं। उन्होंने इस भव्य व सुव्यवस्थित आयोजन के लिए डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ के प्रति आभार जताया।
भारतीय ज्ञान परंपरा को नई पीढ़ी से जोड़ने का प्रयास
वक्ताओं ने रेखांकित किया कि लेखक गाँव की यह पहल भारतीय ज्ञान परंपरा, भाषाई विविधता और सांस्कृतिक धरोहर को नई पीढ़ी व वैश्विक पटल से जोड़ने का एक ऐतिहासिक कदम है। साहित्य को सामाजिक चेतना और बदलाव का माध्यम सिद्ध करता यह महोत्सव अपनी बौद्धिक व सांस्कृतिक आभा के साथ निरंतर आगे
बढ़ रहा है।
