कवि डॉ. आनंद दाधीच ‘महादेवी वर्मा जी विश्व भूषण सम्मान–2026’ से अलंकृत
कवि डॉ. आनंद दाधीच ‘महादेवी वर्मा जी विश्व भूषण सम्मान–2026’ से अलंकृत
लखनऊ: बेंगलुरु (कर्नाटक) के प्रतिष्ठित कवि एवं साहित्यकार डॉ. आनंद दाधीच को साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट व निरंतर योगदान के लिए ‘महादेवी वर्मा जी विश्व भूषण सम्मान–2026’ से नवाजा गया है। उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान के निराला सभागार में आयोजित एक भव्य साहित्यिक समारोह के दौरान पद्मश्री डॉ. विद्या विन्दु सिंह के कर-कमलों से उन्हें यह प्रतिष्ठित अलंकरण प्रदान किया गया।
ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित एवं पद्म विभूषण महादेवी वर्मा की स्मृति में दिया जाने वाला यह सम्मान डॉ. दाधीच को समसामयिक विषयों में छायावादी चेतना के सुंदर समावेश, सामाजिक सरोकारों और मानवीय मूल्यों पर आधारित संवेदनशील कविता-सृजन के लिए दिया गया है।
कार्यक्रम का आयोजन नीहारिका साहित्य मंच (कंट्री ऑफ इंडिया फाउंडेशन ट्रस्ट) के तत्वावधान में किया गया, जिसकी संस्थापिका डॉ. रीमा सिन्हा हैं। इस गरिमामय आयोजन में देशभर से पधारे अनेक वरिष्ठ साहित्यकारों, कवियों, शिक्षाविदों और सुधी पाठकों ने उपस्थिति दर्ज कराई।
सम्मान ग्रहण करने के उपरांत डॉ. आनंद दाधीच ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महादेवी वर्मा जैसी युगप्रवर्तक कवयित्री के नाम से जुड़ा यह सम्मान उनके लिए आत्मिक गौरव और दायित्वबोध का विषय है। उन्होंने संस्थापिका डॉ. रीमा सिन्हा एवं श्री अब्दुल अजीज सिद्दीकी के प्रति कृतज्ञता जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि उन्हें समाजोपयोगी और मानवीय संवेदना से ओतप्रोत सृजन के लिए सदैव प्रेरित करती रहेगी।
समारोह में उपस्थित विद्वानों ने डॉ. दाधीच के रचना-संसार की सराहना करते हुए कहा कि उनकी कविताएं केवल शब्दों का विन्यास नहीं, बल्कि समाज और व्यक्ति के मध्य संवेदना का सशक्त सेतु हैं।